आधी रात भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, आरती के साथ भक्तों ने मनाया पर्व; मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी कोरबा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, वहीं सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ।
पुराना बस स्टैंड स्थित गौरीशंकर मंदिर में भी जन्माष्टमी का पर्व विशेष धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया गया। भगवान के जन्म के बाद श्रद्धालुओं ने आरती की और जयकारों के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया।

वहीं बस स्टैंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और झांकियों से सजाया गया था। यहां मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। डीजे की धुन पर भक्त झूमते नजर आए|
जन्माष्टमी के अवसर पर छोटे बच्चों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई बच्चे राधा-कृष्ण और शंकर-पार्वती की वेशभूषा में नजर आए। मंदिर परिसर में की गई आकर्षक सजावट और झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
पूरे शहर में जन्माष्टमी को लेकर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे।