छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को कोरबा के घंटाघर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर में भव्य ‘राज्योत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:00 बजे स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी, जबकि मुख्य समारोह शाम 7:00 बजे से आरंभ होगा।

छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, तथा कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। इनके साथ ही कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक श्री फूलसिंह राठिया, पाली-तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस उत्सव के मुख्य आकर्षणों में प्रसिद्ध लोकगायक श्री सुनील सोनी की शानदार गीत-संगीत प्रस्तुति, स्थानीय कलाकारों का हुनर और लजीज छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल शामिल रहेंगे। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने नागरिकों से समारोह में शामिल होकर राज्य स्थापना दिवस के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।