छत्तीसगढ़ के कोरबा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 31 अगस्त 2026 को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस जनदर्शन के दौरान कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की बकाया राशि का भुगतान, बिजली बिल में सुधार, ऋण पुस्तिका जारी करने, अंत्योदय राशन कार्ड, दिव्यांग एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लंबित वेतन व मानदेय का भुगतान, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, मुआवजा प्रकरणों की जांच, अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर रोक तथा पात्र लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने जैसी विभिन्न जनहित की मांगें शामिल रहीं।

कलेक्टर श्री दुदावत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार तय समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ शीघ्र मिलना चाहिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।