हसदेव-बांगो बांध का बढ़ा जलस्तर, 3 गेट खोले गए; नदी किनारे बसे गांवों के लिए चेतावनी
कोरबा। हसदेव-बांगो बांध में पिछले दो दिनों से लगातार पानी की आवक बढ़ने के कारण बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार शाम बांध के तीन गेट खोलकर कुल 1.50 मीटर ओपनिंग की गई है।
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की शाम 6:30 बजे बांगो बांध का जलस्तर 358.60 मीटर यानी 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गया था। इसके बाद शाम करीब 7 बजे गेट नंबर 5 को 0.40 मीटर, गेट नंबर 6 को 0.70 मीटर और गेट नंबर 7 को 0.40 मीटर खोला गया। तीनों गेटों की कुल ओपनिंग 1.50 मीटर है।
बताया गया है कि पानी की आवक और जलस्तर को देखते हुए गेटों की ओपनिंग आगे भी बढ़ाई जा सकती है। इसका प्रभाव हसदेव नदी के जलस्तर पर रात करीब 2 बजे के बाद दिखाई देने की संभावना जताई गई है।
⚠️ नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा नदी किनारे तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
नागरिकों से कहा गया है कि वे नदी और बाढ़ क्षेत्र के आसपास जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
इसके साथ ही नदी किनारे और बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों, खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों एवं संबंधित संस्थानों से अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की अपील की गई है।
📍 इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
पानी छोड़े जाने की स्थिति में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीपरीपारा, जुनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, तुंगुमड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झांबू, नवागांव, तिलसभाटा, लोतलोता सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन द्वारा जलाशय के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर बांध से पानी छोड़ा जाता रहेगा, जिससे हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।