कोरबा : सीएसईबी चौक पर नया वेटिंग शेड लोकार्पित, 195 स्ट्रीट लाइटों से रोशन हुए शहर के तीन प्रमुख मार्ग
कोरबा, 25 अक्टूबर 2026: कोरबा शहर के विकास क्रम में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर जिला खनिज न्यास (DMF) मद से निर्मित अत्याधुनिक वेटिंग शेड का लोकार्पण किया। इसके साथ ही, नगर निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों पर कुल 195 नवीन एलईडी स्ट्रीट लाइटों का भी भव्य शुभारंभ किया गया, जिससे शहर की सड़कों पर रात्रिकालीन आवागमन और अधिक सुरक्षित व सुगम हो गया है।

धूप और बारिश से मिलेगी राहत
सीएसईबी चौक पर लगभग 16.15 लाख रुपये की लागत से बने इस वेटिंग शेड के शुरू होने से अब सिग्नल पर रुकने वाले यात्रियों और राहगीरों को चिलचिलाती धूप और बारिश से बड़ी राहत मिलेगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहरवासियों को आधुनिक और सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि चौक के दूसरी ओर भी एक अन्य वेटिंग शेड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो जल्द पूरा होगा। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुलभ शौचालय का निर्माण भी शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। सीएसईबी चौक को कोरबा का एक व्यवस्थित और सुसज्जित केंद्र बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्य मार्गों के डामरीकरण और सुनियोजित विकास कार्यों से कोरबा का स्वरूप तेजी से निखर रहा है।
इन तीन प्रमुख मार्गों पर 195 नई स्ट्रीट लाइटें
सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रात के समय अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए तीन प्रमुख मार्गों पर कुल 195 नवीन स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं:
- राताखार-मुक्तिधाम मार्ग: राताखार मुख्य मार्ग से पुराने पुल होते हुए मुक्तिधाम तक 44 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
- रामनगर-अयोध्यापुरी मार्ग: वार्ड क्रमांक 51 एवं 52 के अंतर्गत रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक 80 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं ।
- जमनीपाली मार्ग: वार्ड क्रमांक 58 के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट प्रधानमंत्री आवास तक 71 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं ।
इन आधुनिक लाइटों के जलने से रात के वक्त आवागमन करने वाले वाहन चालकों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवाजाही में काफी सहूलियत और सुरक्षा महसूस होगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें— पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास, एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन, श्री हीतानंद अग्रवाल, पार्षद श्री राम कुमार साहू, श्री मथुरा चंद्रा, श्री मुकुंद कंवर, श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री योगेश मिश्रा, श्री वैभव शर्मा, श्री विजय गुप्ता, श्री राजेश राठौर, श्री मनोज लहरे, पार्षद श्री सरोज शांडिल्य, श्री परमिंदर सिंह, श्री अजय चंद्रा, पार्षद श्री फिरथ साहू, एल्डरमैन श्री ईश्वर साहू, श्री रवि चंदेल, श्री अंजय अग्रवाल, श्री किशोर साहू, श्री आशीष अग्रवाल, श्री संजय कुर्मवंशी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।