शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा वेस्ट के हसदेव खेल परिसर (लाल मैदान) एचटीपीएस (HTPS) दर्री में चारों तरफ भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल बना हुआ है। यहाँ स्थापित माँ दुर्गा के भव्य पंडाल (सार्वजानिक युवा दुर्गा उत्सव समिति ) में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर माथा टेक रहे हैं और आशीर्वाद ले रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर शाम ढलते ही यहाँ के विशाल ग्राउंड में आयोजित गरबा और डांडिया रास की गूंज से पूरा इलाका उत्सवमय हो उठा है।
पारंपरिक परिधानों में सजे युवाओं और महिलाओं का उत्साह

आयोजन स्थल पर बनाए गए गरबा प्रांगण में मातृशक्ति, युवतियों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पारंपरिक परिधानों (चनिया-चोली और कुर्ता-पायजामा) में सजे प्रतिभागी ढोल-ताशों और माता के आधुनिक व पारंपरिक गीतों की धुनों पर थिरकते नजर आ रहे हैं। माँ अम्बे के दरबार में सजी भव्य और आकर्षक प्रतिमा हर आने-जाने वाले भक्त के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है, जहाँ हर शाम पूरी श्रद्धा के साथ आरती का आयोजन हो रहा है।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह कोरबा वेस्ट ,दर्री के निवासियों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे, और सामाजिक एकजुटता का भी एक सुंदर मंच बन गया है। काम-काज की भागदौड़ से दूर, परिवार और मित्रगण इस पावन वेला में एकसाथ एकत्रित होकर उत्सव का आनंद उठा रहे हैं।