कोरबा में 15 से 20 अक्टूबर तक छह दिवसीय भव्य रामलीला व दशहरा उत्सव
दशहरा पर्व पर इस बार कोरबा में लगातार छह दिनों तक रामलीला और दशहरा उत्सव की धूम रहेगी। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम द्वारा 15 से 20 अक्टूबर तक भव्य रामलीला मेला दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा। पिछले वर्ष के सफल आयोजन के बाद निगम ने इस बार आयोजन को और भव्य व आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
रामलीला आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को निगम के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि और निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में छह दिवसीय आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की गई। उद्योग मंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जीवनलीला और उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। रामलीला मेला और दशहरा उत्सव जैसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने निगम द्वारा लगातार दूसरे वर्ष बड़े स्तर पर आयोजन किए जाने को महत्वपूर्ण बताया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि इस वर्ष का रामलीला आयोजन पिछले वर्ष की अपेक्षा और अधिक भव्य होगा। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए बैठने से लेकर आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से समाज को जोड़ने का अवसर भी है। बैठक में जोगियाडेरा स्थित माता कौशल्या मंदिर और कौशल्याधाम का भी उल्लेख हुआ। आयोजकों का मानना है कि रामलीला के माध्यम से कोरबा की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। छह दिवसीय आयोजन में रामलीला के साथ दशहरा उत्सव से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अब 15 अक्टूबर से शहर के लोगों को रामलीला और दशहरा उत्सव के रंग में रंगने का इंतजार है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि निगम अधिनियम में सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के प्रोत्साहन का प्रावधान है।