रायपुर: बाढ़ व जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जनसुरक्षा सर्वोपरि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कलेक्टरों को दिए कड़े निर्देश
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग समेत राज्य के कई हिस्सों में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को मुस्तैद रहने और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने में किसी भी तरह की ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को विशेष रूप से निचले इलाकों, नदियों और नालों के पास बसे गाँवों पर कड़ी निगरानी रखने और जलस्तर बढ़ते ही लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने को कहा गया है।
आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय और पंचायत विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर 24/7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय, भोजन, पीने का साफ पानी और आवश्यक दवाओं के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, जलभराव वाली सड़कों और उफनते पुल-पुलियों पर आवागमन रोकने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें।