छत्तीसगढ़ में साय कैबिनेट का बड़ा फैसला: ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का बदला नाम, अब कहलाएगा ‘जनजातीय कार्य विभाग’
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रविवार को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक संपन्न हुई।
प्रमुख निर्णय और घोषणाएं
- विभाग का बदला नाम: कैबिनेट ने ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के कार्य आवंटन नियमों में बदलाव किया जाएगा।
- अग्निवीरों के लिए भर्ती: गृह विभाग में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक के 36 पदों पर रिक्ति के आधार पर भर्ती को हरी झंडी मिल गई है। सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीरों को आरक्षक भर्ती में 10% श्रेणीवार आरक्षण देने का प्रावधान कर चुकी है।
पीएम मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर कैबिनेट में अभिनंदन प्रस्ताव पास किया गया।
मुख्यमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है। 2014 से पहले जो भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें स्थान पर था, वह अब चौथे पायदान पर पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।
नक्सलवाद से मुक्ति की ओर छत्तीसगढ़ और मजबूत होती राष्ट्रीय सुरक्षा
नक्सल समस्या पर बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि एक समय था जब नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था और बस्तर के भोले-भाले लोग लंबे समय तक विकास से दूर रहने की आशंका के साए में जीते थे। ऐसा लगता था कि इस समस्या का कभी अंत हो भी पाएगा या नहीं। लेकिन, केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित नीतियों के चलते अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और छत्तीसगढ़ तेजी से नक्सलवाद से मुक्ति की ओर अग्रसर है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की रक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव आया है। 2014 से पहले जहां देश कमजोर प्रतिक्रियाओं के दौर से गुजरता था और उकसावे की घटनाओं पर भी कड़े कदम नहीं उठाए जाते थे, वहीं आज भारत की नीति स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि भारत किसी पर पहल करके हमला नहीं करता, लेकिन यदि कोई आंख दिखाए, तो उसे घर में घुसकर करारा जवाब देने में सक्षम है। प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व ने आज देश को वैश्विक मंच पर एक शक्तिशाली और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित कर दिया है।