कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर: iGOT पोर्टल पर पूरे करने होंगे दो कोर्स, सामान्य प्रशासन विभाग ने तय की 31 अक्टूबर की डेडलाइन
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में कामकाज की कार्यशैली सुधारने और कर्मचारियों का मानसिक तनाव दूर करने के लिए राज्य शासन ने बड़ा कदम उठाया है। ‘मिशन कर्मयोगी’ के तहत प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए iGOT पोर्टल पर दो विशेष ऑनलाइन कोर्स करना अनिवार्य कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी करते हुए 31 अक्टूबर तक कोर्स पूरा करने की डेडलाइन तय की है।
कौन से हैं ये दो अनिवार्य कोर्स?
शासन के आदेश के मुताबिक, कर्मचारियों को iGOT (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) पोर्टल पर निम्नलिखित दो कोर्स पूरे करने होंगे:
- ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ (Stress Management at Workplace)
- ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’
इन ऑनलाइन कोर्स का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को दफ्तर के काम के दौरान होने वाले मानसिक तनाव को बेहतर तरीके से संभालना और उनकी कार्यक्षमता व उत्पादकता (Efficiency) को बढ़ाना है।
3 नवंबर तक सौंपनी होगी अनुपालन रिपोर्ट
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों (HoD) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से तय समय-सीमा के भीतर यह प्रशिक्षण पूरा करवाएं। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी कर्मचारी का कोर्स पेंडिंग न रहे। इसके बाद, सभी विभागों को 3 नवंबर तक शासन को कोर्स पूरा होने की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से सौंपनी होगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की समीक्षा और कार्रवाई की जाएगी।
दफ्तरों में कम नहीं हो रहीं आम लोगों की शिकायतें
राज्य सरकार द्वारा सरकारी कामकाज को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मैदानी हकीकत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। आम जनता की शिकायतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
आज भी कई मामलों में समय पर निराकरण न होने के कारण नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं और फाइलें महीनों तक अटकी रहती हैं। बताया जा रहा है कि अब तक ज्यादातर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ये कोर्स पूरे नहीं किए हैं। इसी वजह से शासन ने सभी को 31 अक्टूबर तक कोर्स पूरा करने के निर्देश दिए हैं।