सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय ई.व्ही.पी.जी. महाविद्यालय, कोरबा में मंगलवार को महाविद्यालय स्तरीय ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आत्मनिर्भर भारत, ‘वोकल फॉर लोकल’, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ‘विकसित भारत’ की खूबसूरत संकल्पना पेश की।
कार्यक्रम के दौरान माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने प्रदर्शित रंगोलियों का अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ऐसी गतिविधियां युवाओं को अपनी रचनात्मकता को उभारने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं।” वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने भी विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने अपनी रंगोलियों के जरिए महिला व श्रमिक सशक्तिकरण, औद्योगिक प्रगति और कृषि विकास का संदेश भी दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश श्रीवास, संयोजक श्रीमती मधु कंवर और समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास और नवाचार की सराहना की।
विशेष बात यह है कि इस महाविद्यालय की उत्कृष्ट रंगोली का चयन आगामी 7 अक्टूबर को कोरबा के घंटाघर के समीप आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के लिए किया गया है।